Chinese Engineer Arrested For Stealing Google's AI Technology : अमेरिका में बुधवार को चीन के एक सॉफ्टवेटर इंजीनियर को गिरफ्तार किया गया था। इस इंजीनियर पर दिग्गज टेक कंपनी गूगल की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टेक्नोलॉजी चुराने का आरोप है।
रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिका के अटॉर्नी जनरल मेरिक गारलैंड ने कहा कि यह इंजीनियर कथित तौर पर चीन की दो कंपनियों के लिए खुफिया तरीके से काम कर रहा था और गूगल की एआई टेक्नोलॉजी चुरा रहा था। इस शख्स की पहचान लिनवे डिंग (38) के रूप में हुई है। डिंग पर ट्रेड सीक्रेट्स की चोरी के चार आरोप लगाए गए हैं।डिंग को बुधवार को कैलिफोर्निया के नेवार्क में गिरफ्तार किया गया था। उसने कथित तौर पर गूगल के नेटवर्क से कॉन्फिडेंशियल जानकारी अपने निजी अकाउंट में ट्रांसफर की थीं। इस दौरान वह एआई इंडस्ट्री में काम करने वाली चीन की कंपनियों के साथ खुफिया तरीके से जुड़ा हुआ था।
अटॉर्नी जनरल ने कहा कि जस्टिस डिपार्टमेंट एआई और अन्य एडवांस्ड टेक्नोलॉजीज की चोरी बर्दाश्त नहीं करेगा, जो देश की सुरक्षा को खतरे में डाल सकती हैं। उनहोंने कहा कि हम अमेरिका में डेवलप होने वाली संवेदनशील टेक्नोलॉजी की हर हालत में सुरक्षा करेंगे ताकि वह गलत हाथों में न जा सके और उसका दुरुपयोग नहीं हो सके।
FBI ने बताया चीन का हाथ :
इस मामले में एफबीआई के निदेशक क्रिस्टोफर रे ने सीधे तौर पर चीन का आधिकारिक नाम लिया। उन्होंने कहा कि डिंग की गिरफ्तारी बताती है कि पीपल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की कंपनियों के लोग अमेरिकी इनोवेशन चुराने के लिए किस हद तक जा सकते हैं। रे ने कहा कि अमेरिकी कंपनियों से इनोवेटिव टेक्नोलॉजी और ट्रेड सीक्रेट्स की चोरी ने नौकरियां जा सकती हैं।
इसका अमेरिका की आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा पर बेहद गंभीर असर पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार अगर इसमें डिंग को दोषी पाया जाता है तो उसे हर आरोप में अधिकतम 10 साल की जेल और ढाई लाख डॉलर का जुर्माना लगाया जा सकता है।
इस्तीफे के बाद सामने आई हकीकत :
मुकदमे में कहा गया है कि जून 2022 में चीन की टेक्नोलॉजी कंपनी बीजिंग रोंगशू लिआंझी टेक्नोलॉजी के चीफ एग्जीक्यूटिव ने डिंग से संपर्क किया था। उसने डिंग को चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर का पद और 14,800 डॉलर मासिक का वेतन ऑफर किया था।
मई 2023 से कुछ पहले डिंग ने चीन में अपनी खुद की कंपनी की स्थापना की थी। इसका नाम शंघाई झिसुआन टेक्नोलॉजी था। आरोप है कि डिंग ने इन दोनों ही कंपनियों के साथ अपने संबंध के बारे में गूगल को कभी जानकरी नहीं दी। डिंग ने दिसंबर 2023 में गूगल से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उसकी नेटवर्क एक्टिविटी हिस्ट्री की जांच में यह पता चला था।

